जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
खैर/अलीगढ। कोतवाली क्षेत्र खैर के गांव अंडला में शनिवार शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार गांव अंडला निवासी प्रमोद रावत (50 वर्ष) पुत्र रामस्वरूप रावत शाम करीब 7 बजे खेत से ट्रैक्टर लेकर वापस अपने घर तेहरा रोड लौट रहे थे। आरोप है कि घर के समीप पहले से विवाद चला आ रहा दो युवकों ने उनसे कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर दी।

घटना में प्रमोद रावत को दो गोलियां लगीं। एक गोली उनके हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली गले को छूते हुए निकल गई। गोली लगते ही प्रमोद घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घायल के छोटे भाई प्रवीण रावत ने बताया कि गांव केएक परिवार से पहले से विवाद चला आ रहा था। उसी रंजिश के चलते उनके भाई पर दो युवकों ने जानलेवा हमला किया गया है।
सूचना पर खैर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना के बाद देर शाम तक पुलिस की गाड़ियां गांव में गश्त करती रहीं। आई पी एस थाना प्रभारी सम्यक चौधरी ने बताया कि सूचना पर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया है मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।























