मथुरा। श्री राम नवमी के पावन अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने राल स्थित ब्रह्मऋषि श्री देवरहा बाबा गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ गौ-पूजन किया और गौवंश को गुड़ व हरा चारा खिलाया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने गौशाला परिसर में संचालित गौधाम गुरुकुल (स्कूल) का भी जायजा लिया। यहां अध्ययनरत करीब 80 छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरित किया तथा कक्षाओं और बच्चों द्वारा बनाए गए शिल्प एवं हस्तकला कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई और भोजन व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने गौशाला में श्रमदान करते हुए साफ-सफाई की और स्वयं झाड़ू लगाकर परिसर को स्वच्छ बनाया।डीएम ने बताया कि इस गो-आश्रय स्थल में लगभग 8600 गौवंश संरक्षित हैं। 136 एकड़ में फैली इस गौशाला में 27 शेड बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौ उत्पाद केंद्र का भी अवलोकन किया, जहां गोबर व गौमूत्र से बने साबुन, फेसवॉश, दीपक, फिनायल, घी और धूपबत्ती जैसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने इन उत्पादों के व्यापक प्रचार-प्रसार और केंद्र पर आधारित डॉक्यूमेंट्री तैयार कराने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौवंश के लिए भूसा, हरा चारा, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौवंश के लिए पर्याप्त हरा चारा और स्वच्छ पानी की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।























