मथुरा/गोवर्धन। आगामी वीवीआईपी भ्रमण के दृष्टिगत प्रशासन व पुलिस अधिकारियों द्वारा गोवर्धन में व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। रविवार को पीडब्ल्यूडी सभागार, गोवर्धन में आयोजित गोष्ठी में जनप्रतिनिधियों, मंदिर कमेटियों तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी तथा क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने नगर पंचायत गोवर्धन व नगर पंचायत राधाकुंड के सभासदों, चेयरपर्सन, मंदिर कमेटियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से आगामी वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं में पूर्ण सहयोग करने का अनुरोध किया।
अधिकारियों ने कहा कि वीवीआईपी भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के लिए कुछ प्रतिबंध लागू किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय लोगों और व्यापारियों का सहयोग आवश्यक है।
गोष्ठी में नगर पंचायत अध्यक्ष गोवर्धन मनीष लंबरदार, राधाकुंड नगर पंचायत के चेयरपर्सन रामफल, मानसी गंगा के रिसीवर कपिल चतुर्वेदी तथा दानघाटी के रिसीवर ललित पुरोहित सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद अधिकारियों ने कस्बा गोवर्धन में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अस्थायी अतिक्रमण हटाने तथा सुगम आवागमन के लिए सड़कों पर लगे अनावश्यक अवरोधों को हटाने के निर्देश भी दिए।

























