🔹सीओ समेत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गईं गालियां, एसएसपी ने तत्काल निलंबन का सुनाया फरमान
अलीगढ़। पुलिस महकमे में अनुशासन सर्वोपरि माना जाता है, लेकिन जब वही अनुशासन टूटता नजर आए तो कार्रवाई भी उतनी ही सख्त होती है। अलीगढ़ के थाना टप्पल क्षेत्र की जट्टारी पुलिस चौकी से जुड़ा एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहां चौकी प्रभारी दारोगा का एक आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
वायरल ऑडियो में जट्टारी पुलिस चौकी प्रभारी दारोगा अनिल कुमार कथित रूप से सीओ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के लिए अभद्र भाषा और गालियों का प्रयोग करते हुए सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो सामने आते ही मामला तेजी से अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने तत्काल कड़ा रुख अपनाया। कप्तान ने अनुशासनहीनता और विभागीय गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में दारोगा अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसएसपी नीरज जादौन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और मर्यादा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों और अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी कर्मचारी अनुशासनहीनता या वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति अमर्यादित व्यवहार करता पाया गया, तो उसके खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग में हुई इस त्वरित कार्रवाई के बाद महकमे में एक स्पष्ट संदेश गया है कि अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।























