जिला नजर /संवाददाता
___________
इगलास /अलीगढ़। थाना इगलास पुलिस ने -ऑपरेशन खुशी- के तहत सराहनीय कार्य करते हुए एक साढ़े तीन वर्षीय मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिससे परिवार में खुशी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार नमन कुमार पुत्र दीपक कुमार उम्र लगभग साढ़े तीन वर्ष अपनी माताजी विमलेश कुमार के साथ इगलास चौराहे पर आया था। इसी दौरान बच्चा अपनी माताजी का हाथ छोड़कर पास की एक मोबाइल की दुकान में अंदर चला गया। अचानक बच्चे को अपने पास न देखकर उसकी मां घबरा गई और बेहोश हो गई। देखते ही देखते आसपास के लोगों में खबर आग की तरह फैल गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इगलास नरेंद्र यादव ने ने पुलिस को एलर्ट करते हुए सूचना दी इलाका पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक अर्जुन अंजना व हेड कांस्टेबल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस के अथक प्रयासों के बाद मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके बाद बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने इगलास पुलिस का आभार व्यक्त किया। क्षेत्र में पुलिस के इस सराहनीय कार्य की काफी प्रशंसा हो रही है।























