• 37 करोड़ की शराब, 22 करोड़ की मिठाई और 25 करोड़ के रंग-गुलाल व पिचकारियों की बिक्री; बाजारों में दिखी जबरदस्त रौनक
[ होली से पहले आगरा के बाजारों में उमड़ी भीड़, मिठाई की दुकानों से लेकर रंग-गुलाल और शराब की दुकानों तक खरीदारी का रहा जबरदस्त उत्साह।]
जिला नजर | संवाददाता
_______________________
आगरा। होली के त्योहार पर इस बार आगरा में उत्साह के साथ-साथ बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली। दो दिनों में शहरवासियों ने करीब 84 करोड़ रुपये की खरीदारी कर डाली। इसमें सबसे अधिक बिक्री शराब, मिठाई और रंग-गुलाल की रही।
आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार होली के अवसर पर शराब की बिक्री में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शहर में दो दिनों के भीतर करीब 37 करोड़ रुपये की शराब बिक गई। जिले में मौजूद 266 कंपोजिट शॉप, 338 देशी शराब की दुकानें, 24 मॉडल शॉप और 8 प्रीमियम रिटेल शॉप पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई। कई लोगों ने त्योहार को देखते हुए घरों में पहले से ही शराब का स्टॉक भी कर लिया, जिससे दुकानदारों की बिक्री में तेजी आई।
वहीं मिठाइयों की दुकानों पर भी सुबह से देर रात तक ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। अनुमान के अनुसार शहर में करीब 22 करोड़ रुपये की मिठाई और चॉकलेट की बिक्री हुई। इनमें सबसे अधिक मांग पारंपरिक होली मिठाई गुझिया की रही, जिसकी बिक्री ही करीब 5 से 7 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसके अलावा मठरी, नमकीन और चॉकलेट गिफ्ट पैक भी लोगों की पसंद बने रहे।
रंगों के त्योहार पर रंग-गुलाल और पिचकारियों का बाजार भी पीछे नहीं रहा। इस बार शहर में करीब 25 करोड़ रुपये का कारोबार इस क्षेत्र में हुआ। सामान्य गुलाल की तुलना में हर्बल और प्रीमियम गुलाल की मांग ज्यादा देखी गई। बच्चों और युवाओं के बीच प्रेशर सिलिंडर पिचकारी, टैंक गन और कलर स्प्रे की खास लोकप्रियता रही।
त्योहार की इस चहल-पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि होली केवल रंगों का पर्व ही नहीं, बल्कि बाजार और कारोबार के लिए भी बड़े अवसर का त्योहार बन चुकी है।























