• महिलाओं ने कपड़ों से बनाए कोड़े, हुरियारों पर बरसाई प्रेम भरी चोटें; लाखों श्रद्धालु बने साक्षी
[ बलदेव स्थित दाऊजी महाराज मंदिर में पारंपरिक कोड़ामार होली के दौरान हुरियारों और हुरियारिनों के बीच खेला गया रंग और उत्साह का अनोखा उत्सव।]
जिला नजर | ब्यूरो चीफ
_______________
मथुरा । ब्रज की पावन भूमि मथुरा में गुरुवार को बलदेव स्थित दाऊजी महाराज मंदिर में परंपरागत कोड़ामार होली पूरे उत्साह और उमंग के साथ खेली गई। इस अनोखी होली को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे।
मंदिर परिसर में हुरियारों और हुरियारिनों के बीच रंग-गुलाल की बौछार के साथ अनोखा नजारा देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने हुरियारों के कपड़े फाड़कर उन्हीं से कोड़े बनाए और हंसी-खुशी उनके नंगे बदन पर प्रेमपूर्वक कोड़ों की बरसात की। वहीं हुरियारे भी सखियों पर बाल्टियों से रंग बरसाते हुए होली गीतों पर झूमते नजर आए।
मंदिर परिसर में चारों ओर उड़ते अबीर-गुलाल के बीच पूरा वातावरण रंगों और उल्लास से सराबोर हो गया। इस अद्भुत परंपरा को देखने के लिए करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालु और विदेशी पर्यटक मंदिर पहुंचे।























