नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए एक ऐतिहासिक घोषणा की है। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का उद्घाटन अगले महीने यानी मार्च 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगा। CM योगी ने गर्व से कहा, “उत्तर प्रदेश अब ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’ के बाद ‘एयरपोर्ट प्रदेश’ के रूप में वैश्विक पहचान बना चुका है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक हवाई अड्डों वाला राज्य बन चुका है। जेवर एयरपोर्ट न केवल UP बल्कि पूरे भारत के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। यह PPP (Public-Private Partnership) मॉडल पर आधारित ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है, जो करीब 1300 हेक्टेयर में फैला है। यह विश्वस्तरीय एयर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, खासकर यात्री और कार्गो दोनों के लिए।
चार चरणों में पूरा होगा विकास:
- पहला चरण (2026 से शुरू): सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों की क्षमता।
- अंतिम चरण (2050 तक): पूरी तरह तैयार होने पर 7 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम। कुल निवेश करीब 29,561 करोड़ रुपये का है।
एयरपोर्ट तक पहुंच के लिए यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे मुख्य लिंक होंगे। दिल्ली से मात्र 75-80 किमी और नोएडा से 35-40 किमी की दूरी पर स्थित यह एयरपोर्ट यात्रियों के लिए समय बचत और सुगम यात्रा का केंद्र बनेगा। यह दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बढ़ते बोझ को कम करेगा और NCR व पश्चिमी UP की कनेक्टिविटी को बूस्ट देगा।
CM योगी ने प्रवासियों को UP की बदलती तस्वीर दिखाई और निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट से UP की अर्थव्यवस्था में नया जोश आएगा, रोजगार बढ़ेगा और वैश्विक व्यापार को बल मिलेगा।





