🔹एटा महोत्सव में अखिल भारतीय पत्रकार सम्मेलन में AI पर जोरदार बहस; SSP श्याम नारायण सिंह बोले — बिना संवेदना के पत्रकारिता मर जाएगी
एटा |जिला नजर संवाददाता
एटा महोत्सव 2026 के दौरान आज अखिल भारतीय पत्रकार सम्मेलन में एआई पत्रकारिता — अवसर या खतरा विषय पर गहन चर्चा हुई। पत्रकारों और गणमान्य अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस काम को तेज तो कर सकता है, लेकिन मानवीय संवेदना, कल्पना और नैतिकता का स्थान नहीं ले सकता।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एटा के एसएसपी श्याम नारायण सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, पूर्व विधायक सुधाकर वर्मा और डॉ. राहुल गुप्ता एडवोकेट ने मां सरस्वती की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया।
मुख्य बयान
कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता आर.पी. सिंह ने स्पष्ट कहा:
“एआई पत्रकारिता के लिए खतरा नहीं है। यह एक टूल है। यह हम पर निर्भर करता है कि हम इसका सही इस्तेमाल करें या दुरुपयोग। तकनीकी युग में हमें नए प्रयोगों के लिए तैयार रहना चाहिए।”
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा:
“एआई में डाटा तो हो सकता है, लेकिन मानव मस्तिष्क की कल्पना और संवेदना का पूरा अभाव है। जिस दिन पत्रकार पूरी तरह एआई पर निर्भर हो जाएंगे, उस दिन असली पत्रकारिता मर जाएगी।”
अन्य प्रमुख विचार
- डॉ. राहुल गुप्ता: “एआई से काम तेज होता है, लेकिन इससे नई मुसीबतें भी खड़ी हो सकती हैं।”
- आगरा से पधारे ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शंकरदेव तिवारी: “तकनीकी और मानवीय बुद्धिमत्ता का सामंजस्य जरूरी है।”
- स्नातक एमएलसी मानवेन्द्र प्रताप सिंह: “एआई के दुरुपयोग की आशंका बढ़ गई है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता कभी मानव मस्तिष्क का स्थान नहीं ले सकती।”
- एबीपी न्यूज़ के राकेश भदौरिया: “एआई फेक वीडियो और फोटो बनाकर बड़े स्तर पर भ्रम फैला सकता है। इसकी कुछ सीमाएं हैं।”
- महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य डॉ. रेनू गौड़: “एआई के दुष्परिणाम का ही उदाहरण है गाजियाबाद में तीन सगी बहनों का सुसाइड।”
- वरिष्ठ पत्रकार नेत्रपाल सिंह चौहान, विजय मिश्रा, देवेश पाल सिंह (आज तक), रंजीत गुप्ता और संजीव गुप्ता (भारत समाचार) ने भी एआई को उपयोगी लेकिन सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की बात कही।
सभी वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि एआई को केवल स्पीड बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाए, न कि मूल पत्रकारिता को बदलने के लिए।
इस अवसर पर संतोष पचौरी, देवेश पाल सिंह, संजीव गुप्ता, आर.बी. द्विवेदी, विपिन कुमार, पंकज गुप्ता (ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन एटा जिला अध्यक्ष), सचिन सिसौदिया, कुनाल सोलंकी, ज्ञानेश कुमार, मनोज कुमार, तारिक अहमद, आकाश शुक्ला, अभितांशु शाक्य, पीयूष गोयल, मोहम्मद वरिष्ठ, मोहसिन मलिन, कौशल प्रताप सिंह, प्रवीण पाठक, शीबू खान, शिव कुमार पाठक, सर्वर हुसैन, दलवीर सिंह, महेश सोलंकी, विकास मिश्रा, सोनू यादव, सूरज फोटो जर्नालिस्ट, प्रफुल्ल जैन, शिव प्रकाश शुक्ला, जसवंत यादव, प्रत्युश शुक्ला, सुमित गुप्ता, आलोक गुप्ता, दिलीप प्रभारी सूचना अधिकारी, अखंड प्रताप, रोहित भदौरिया, सुनील कुमार, मानव दीक्षित, अकरम खान सहित सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे।























