फतेहाबाद/आगरा: तहसील फतेहाबाद में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम स्वाति शर्मा ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष शिकायतें दर्ज कराईं।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। इस पर एसडीएम स्वाति शर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता और गुणवत्ता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 26 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग के 4, राजस्व एवं पुलिस से जुड़े 2, विकास विभाग के 3 तथा अन्य विभागों से संबंधित 10 शिकायतें दर्ज की गईं।
इस अवसर पर तहसीलदार बबलेश कुमार, नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार, उपखंड विद्युत अधिकारी गौरव राजपूत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीन चौधरी, एडीओ पंचायत नरेंद्र पाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

