दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। अधिवक्ता बार एसोसिएशन फतेहाबाद जिला आगरा ने तहसील फतेहाबाद में कथित भ्रष्टाचार और राजस्व मामलों में अनियमितताओं को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन का नेतृत्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्म सिंह राजपूत ने किया। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि तहसील में विरासत दर्ज कराने, दाखिल-खारिज, खतौनी तथा अन्य राजस्व कार्यों में अधिवक्ताओं और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अध्यक्ष धर्म सिंह राजपूत ने आरोप लगाया गया है कि उत्तराधिकार में वारसी दर्ज कराने के ऑनलाइन आवेदनों पर क्षेत्रीय लेखपालों द्वारा कथित रूप से गलत आख्या लगाकर प्रकरणों को विवादित आख्या के साथ आगे भेजा जाता है।
एसोसिएशन का कहना है कि कई मामलों में मृत खातेदार के नाम को लंबे समय तक बनाए रखने की कोई स्पष्ट व्यवस्था न होने के बावजूद ऐसा किया जा रहा है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, लंबित पत्रावलियों का नियमानुसार निस्तारण नहीं हुआ तथा अंश निर्धारण संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो एसोसिएशन जनहित एवं न्यायहित में धरना-प्रदर्शन और हड़ताल जैसे कदम उठाने को बाध्य होगी।
ज्ञापन पर अधिवक्ता बार एसोसिएशन फतेहाबाद के अध्यक्ष धर्मसिंह राजपूत एडवोकेट और महासचिव केशवदेव शर्मा एडवोकेट के साथ साथ बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।





















