दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: कस्बा फतेहाबाद की बाग कॉलोनी निवासी संदीप पुत्र करतार सिंह मंगलवार सुबह स्वयं अपनी पत्नी अनपल को विदा कराने के लिए गांव बरीपुरा स्थित अपनी ससुराल गया था।
आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे नशीला पदार्थ पिला दिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया।
करीब तीन माह पूर्व संदीप और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि उस समय संदीप ने पत्नी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद पत्नी के पिता थान सिंह पुलिस की मौजूदगी में अपनी बेटी को मायके ले गए थे। तभी से अनपल अपने मायके में रह रही थी।
मंगलवार को संदीप स्वयं पत्नी को वापस लाने ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। संदीप ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















