दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। युवा पीढ़ी को नशे की बुराई से बचाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के अंतर्गत जनता इंटर कॉलेज, फतेहाबाद (आगरा) में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
aकार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा ली।
यह अभियान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय एवं भारत सरकार के बीच हुए MOU के अंतर्गत देश को नशामुक्त बनाने की दिशा में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा से जोड़ना तथा “नशा मुक्त भारत—विकसित भारत” के संकल्प को साकार करना है।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार जी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से सदैव दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिवारजनों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बी.के. रंजना बहन, बी.के. काजल बहन एवं बी.के. फतेहचंद भाई ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, श्रेष्ठ संस्कार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा ली और संकल्प किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे से बचने के लिए जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने “नशा मुक्त भारत—विकसित भारत” के संकल्प को मजबूत करते हुए स्वस्थ, संस्कारवान एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के बीच नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल रहा।





















