दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव नेहरे का पुरा में सोमवार रात करीब नौ बजे घर में करीब सात फीट लंबा अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर दिखाई देने पर परिजनों ने शोर मचाते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मण पुत्र सुनील निवासी नेहरे का पुरा ने वन विभाग को बताया कि उनके घर में अजगर घुस आया है। ग्रामीणों के शोर मचाने पर अजगर घर से निकलकर नीम के पेड़ पर चढ़ गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारी रामबीर और देवेंद्र ने करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।





















