मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई। हादसा सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास हुआ, जहां खड़ी स्लीपर बस के पास उतरे यात्रियों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई से कानपुर (रसूलाबाद) जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस रास्ते में एक्सप्रेस-वे की मेन लेन पर ही रोक दी गई। बताया जा रहा है कि कुछ यात्री नीचे उतरे ही थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में कई यात्री आ गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सोनू (औरैया), देवेश (बस्ती), असलम (कन्नौज) और संतोष (दिल्ली) सहित अन्य यात्री शामिल बताए जा रहे हैं। शव सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिले।
सूचना पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेस-वे राहत टीम ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों की पहचान मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर की गई। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है — बस कहां और क्यों रोकी गई, कंटेनर की रफ्तार कितनी थी और यातायात नियमों का पालन हुआ या नहीं — इन सभी बिंदुओं पर पड़ताल चल रही है। संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह हादसा एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षित ठहराव, निर्धारित पार्किंग जोन और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को रेखांकित करता है।
- रिपोर्ट – राहुल गौड़

