मथुरा।कोसीकला क्षेत्र के कस्बा पुलिस अंतर्गत शेरगढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप नगर की पॉश कॉलोनी में स्थित रावत ज्वेलर्स की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर देर रात लोहे की सरिया की मदद से दुकान का शटर उठाकर अंदर घुसे और लाखों रुपये कीमत की चांदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब अखबार विक्रेता दुकान पर अखबार डालने पहुंचा। उसने दुकान का शटर टूटा देखा तो तत्काल दुकान मालिक भूपेंद्र रावत को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही भूपेंद्र रावत मौके पर पहुंचे और शटर व ताले टूटे देखकर पुलिस को अवगत कराया। चोरी की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए।मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण कर दुकान संचालक से चोरी हुए सामान की जानकारी ली। भूपेंद्र रावत ने बताया कि दुकान में करीब 5 से 6 किलो चांदी रखी हुई थी, जिसे चोर ले गए। पुलिस को दुकान के पीछे एक खाली प्लॉट में सरिया और टूटे ताले पड़े मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया।सूचना पर फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लगी रही। चौकी प्रभारी दुष्यंत कौशिक ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया गया है।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version