बरसाना में दर्शन को पहुंचे 167वीं बटालियन के जवानों ने झाड़ू-वाइपर लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश,श्रद्धालु हुए अभिभूत

बरसाना। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने बरसाना स्थित विश्व प्रसिद्ध राधारानी मंदिर में सेवा और भक्ति का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। दर्शन के लिए पहुंचे जवानों ने मंदिर प्रांगण में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मथुरा के पास स्थित 167वीं बटालियन का लगभग 40 महिला एवं पुरुष जवानों का दल अपने डिप्टी कमांडेंट चंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में राधारानी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचा था। जवानों ने राजभोग आरती के दर्शन किए। इसके बाद मंदिर के पट बंद होने पर नियमित सफाई कार्य शुरू हुआ। सफाई होते देख जवान स्वयं को रोक नहीं सके और वहां रखे झाड़ू और वाइपर उठाकर सफाई कार्य में जुट गए।मंदिर रिसीवर सुशील गोस्वामी ने बताया कि मंदिर के सफाई कर्मचारी अपने कार्य में लगे थे, तभी बीएसएफ जवानों ने भी उनके साथ मिलकर मंदिर के आंगन, जगमोहन और अन्य स्थानों पर झाड़ू लगाई। इसके बाद पूरे मंदिर को पानी से धोकर वाइपर से साफ किया गया। इस सेवा कार्य में महिला जवानों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।जवानों की भक्ति और सेवा भावना को देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु अभिभूत हो गए। मंदिर प्रबंधन ने जवानों के इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें सम्मानित किया। रिसीवर सुशील गोस्वामी और डॉ. यज्ञ पुरुष गोस्वामी ने सभी जवानों को प्रसादी पटका पहनाकर राधारानी का प्रसाद भेंट किया।डॉ. यज्ञ पुरुष गोस्वामी ने कहा कि बीएसएफ के जवान दर्शन के लिए आए थे, लेकिन मंदिर प्रांगण में सफाई होते देख वे स्वयं को रोक नहीं पाए और सेवा में जुट गए। जवानों का यह सेवाभाव सभी के लिए प्रेरणादायक है।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version