जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। थाना बन्नादेवी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की एक घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में शत-प्रतिशत चोरी गया माल बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को सराय हकीम क्षेत्र निवासी वादी के घर से करीब 60 हजार रुपये नकद व सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। इस संबंध में थाना बन्नादेवी पर मु0अ0सं0 319/26 धारा 305(a) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि घटना वादी के पुत्र द्वारा ही अंजाम दी गई थी। पूछताछ में उसने बताया कि उसने लोगों से उधार लिया हुआ था, जिसे चुकाने के लिए उसने अपने ही घर में चोरी की योजना बनाई। चोरी के बाद उसने सामान अपने एक दोस्त के यहां छिपा दिया था।
पुलिस ने उक्त स्थान से पूरा माल बरामद कर लिया है।
बरामदगी में करीब 60 हजार रुपये नकद, सोने के चार टुकड़े, तीन सोने की जंजीर, चार अंगूठियां (लेडीज), तीन अंगूठियां (जेंट्स), दो जोड़ी टॉप्स तथा एक जोड़ी कुंडल शामिल हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, उपनिरीक्षक निशांत चौधरी व अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।























