आगरा। ताजनगरी के ऐतिहासिक श्री मनकामेश्वर मंदिर परिसर में आगामी 9 फरवरी 2026 (सोमवार) को एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चलने वाले इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में पंच परिवर्तन की अलख जगाना और जनमानस को सामाजिक व राष्ट्रीय विषयों के प्रति जागरूक करना है।

सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली, नागरिक कर्तव्य, परिवार प्रबोधन और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम धार्मिक के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का भी बड़ा मंच होगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करने के लिए शुक्रवार को बेलनगंज स्थित होटल एलिवेट में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। समिति अध्यक्ष पंकज जैन ने बताया कि 7 फरवरी को दोपहर 2 बजे मंदिर परिसर से एक भव्य आमंत्रण यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से लोगों को सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में आचार्य गंगाधर पाठक उपस्थित रहेंगे, जिन्हें अयोध्या में श्रीराम मंदिर शिलान्यास से भी जोड़ा जाता है। कार्यक्रम के संरक्षक के रूप में श्री मनकामेश्वर मंदिर के पीठाधीश्वर महंत योगेश पुरी, रूप नारायण (क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) और श्रीमती रेनुका डंग (प्रांत समन्वयक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) मौजूद रहेंगे।

महंत योगेश पुरी ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज को सकारात्मक दिशा देना है। पंच परिवर्तन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सुदृढ़ परिवार व्यवस्था, स्वदेशी जीवनशैली, नागरिक कर्तव्यों के पालन और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं।

समिति अध्यक्ष पंकज जैन ने बताया कि सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

हितार्थ आगरा चेरिटेबल ट्रस्ट के अमर गुप्ता ने बताया कि ट्रस्ट समाजसेवा के कार्यों में लगातार सक्रिय है। सम्मेलन के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा तथा 11 गौशाला प्रमुखों का स्वागत और सम्मान किया जाएगा।

पार्षद राकेश जैन और पार्षद रवि माथुर ने भी सम्मेलन को समाज में एकता और जागरूकता बढ़ाने वाला आयोजन बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की।

प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष पंकज जैन, सचिव नितिन बंसल, उपाध्यक्ष सोनू भाई, मनीष बंसल, एडवोकेट जोली भाई, अमर गुप्ता, नरेश धीरमलानी, पंकज कुमार एडवोकेट, राजकुमार खंडेलवाल, अंकित कुमार, इंजीनियर चिराग जैन, अमित बंसल, अभिषेक झा, श्रीमती ज्योति बंसल, प्राची चौरसिया, अर्चना, राकेश जैन और रवि माथुर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version