फतेहाबाद/आगरा: विगत रविवार की रात्रि फतेहाबाद के मोहल्ला काली नगर में अपनी ससुराल आए जीजा और उसकी पत्नी की सालों और उसके ससुरालियों ने जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाने आई उसकी पत्नी को भी चोटें आईं। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैनपुरी निवासी बृजेश पुत्र राजपाल अपनी पत्नी अनीता के साथ फतेहाबाद के काली नगर स्थित अपने ससुराल आया था। परिवार में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सोमवार सुबह बृजेश के सालों ने उससे कुछ पैसों की मांग की।
बताया जाता है कि बृजेश ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिससे ससुराल वाले नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने बृजेश पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह पीटा। जब बृजेश की पत्नी अनीता उसे बचाने आई, तो ससुरालियों ने उसके साथ भी मारपीट कर उसे भी घायल कर दिया।
पीड़ित पति-पत्नी द्वारा घटना की जानकारी फतेहाबाद पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बृजेश और अनीता को फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

