खेरागढ़/आगरा: खेरागढ़ क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सुधीर गर्ग सक्षम युवा अभियान के अंतर्गत होमगार्ड/कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की निःशुल्क कोचिंग का भव्य शुभारंभ बुधवार को माधवी अग्रसेन इंटर कॉलेज, घड़ी खानपुर (खेरागढ़) में फीता काटकर किया गया।
शुभारंभ अभियान के संयोजक एवं नगर पंचायत खेरागढ़ के चेयरमैन सुधीर गर्ग ‘गुड्डू’ ने किया। इस दौरान कॉलेज के प्रबंधक कैलाश चंद सिंघल भी उनके साथ मौजूद रहे। साथ ही नगर पंचायत खेरागढ़ के स्वच्छता एम्बेसडर एड. सुरेंद्र लवानिया की उपस्थिति रही।
दोपहर करीब 12 बजे प्रारंभ हुए कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। कुल 404 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 237 अभ्यर्थी ऑफलाइन तथा 167 अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकृत हैं। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से कार्यक्रम स्थल पर सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर सुधीर गर्ग ‘गुड्डू’ ने कहा कि युवाओं को सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रेरणा मिले तो वे किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अनुशासन, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।
आयोजकों के अनुसार कोचिंग में लिखित परीक्षा के साथ-साथ शारीरिक दक्षता की तैयारी भी कराई जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों को समग्र रूप से लाभ मिल सके। पंजीकृत अभ्यर्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने की अपील की गई है।
कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में यह पहल क्षेत्र में एक प्रेरणादायी और सराहनीय कदम के रूप में देखी जा रही है।
- रिपोर्ट – गोविन्द पाराशर

