आगरा: ताजनगरी में एक बार फिर भरोसे के रिश्तों पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। शाहगंज थाना क्षेत्र में पड़ोसी ने मां की गंभीर बीमारी का बहाना बनाकर नकली सोना गिरवी रखकर करीब 11 लाख 75 हजार रुपये की ठगी कर डाली। आरोपी की पहचान सुशील चावलानी के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित भीमसेन सचदेवा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया कि सुशील चावलानी लंबे समय से पीड़ित के साथ पड़ोसी के रूप में रहता था। उसने पहले छोटी-छोटी रकम उधार ली, फिर मां की बीमारी का हवाला देकर भरोसा जीता। सोने के आभूषण गिरवी रखने का बहाना बनाकर धीरे-धीरे रकम बढ़ाई, जो कुल 11 लाख 75 हजार रुपये तक पहुंच गई। पीड़ित को संदेह होने पर जब सोने की जांच कराई गई, तो 244 ग्राम सोना पूरी तरह नकली निकला।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से नकली सोना तैयार कर गिरवी रखा था। पीड़ित के विरोध पर आरोपी ने धमकी और गाली-गलौज भी की, जिसके आरोप भी लगाए गए हैं। मामला सामने आने के बाद अन्य संभावित पीड़ित भी आगे आ रहे हैं, जिससे आशंका है कि ठगी का दायरा और बड़ा हो सकता है। पुलिस का कहना है कि यदि और लोग शिकायत करते हैं तो धाराएं बढ़ाई जाएंगी और सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
पीड़ित की तहरीर पर शाहगंज पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में यह देखा जा रहा है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगा है या नहीं। ठगी के मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक धमकी जैसी धाराएं लगाई गई हैं।

