वृंदावन के रूकमणि विहार फेस वन स्थित नवनिर्मित सिद्धिविनायक होटल में उद्घाटन समारोह के दौरान अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही समारोह में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

जानकारी के अनुसार होटल में भव्य ओपनिंग सेरेमनी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान होटल के पास लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें उठती देख मौके पर हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। होटल मालिक सुभाष अग्रवाल द्वारा बनाए गए इस नवनिर्मित होटल में करीब 24 कमरे हैं और उद्घाटन कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। बताया जा रहा है कि लगभग एक दर्जन से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया गया है।फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version