गोवर्धन (मथुरा)। थाना गोवर्धन क्षेत्र के गांव पेठा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो सगी बहनों की शादी के दौरान फेरे से ठीक पहले एक दूल्हा अचानक स्टेज से फरार हो गया। घटना के बाद खुशियों का माहौल मातम में बदल गया और दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के कामा क्षेत्र के सतवास गांव से दो भाई बारात लेकर गांव पेठा पहुंचे थे। शादी समारोह धूमधाम से चल रहा था। नाच-गाना, दावत और जयमाला की रस्में पूरी हो चुकी थीं। दोनों दुल्हनें सजी-धजी स्टेज पर बैठी थीं और परिवार में उत्साह का माहौल था।

बताया जा रहा है कि फेरे से ठीक पहले बड़े दूल्हे विक्रम ने पेशाब जाने का बहाना बनाया और स्टेज से नीचे उतर गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों को संदेह हुआ। तलाश करने पर पता चला कि दूल्हा मौके से फरार हो चुका है।

दूल्हे के अचानक गायब हो जाने से शादी समारोह का माहौल पूरी तरह बदल गया। दोनों बहनों के हाथों में लगी मेंहदी सूखती रह गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

लड़की पक्ष ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोवर्धन पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और लड़के पक्ष के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

परिवार के एक सदस्य ने बताया, “हमारी बहनों की शादी का दिन हमारे लिए बेहद खास था। बारात आई, सभी रस्में पूरी हुईं, लेकिन फेरे से ठीक पहले दूल्हा अचानक गायब हो गया। हमने काफी तलाश की, पर वह नहीं मिला। यह हमारे परिवार के लिए बेहद शर्मनाक और दुखद घटना है। हम चाहते हैं कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।”

फिलहाल पुलिस फरार दूल्हे की तलाश में जुटी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version