जिला नजर संबाददाता संजय भारद्वाज
अलीगढ़: जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा है कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए दिए जाने वाले प्रतिष्ठित सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए जिला स्तर पर अधिकाधिक नामांकन सुनिश्चित किए जाएं।
यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर प्रदान किया जाता है।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस पुरस्कार का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों, स्वयंसेवी संगठनों, संस्थाओं एवं नवाचारी पहलों की पहचान कर उनके नामांकन को प्रोत्साहित करें।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर पूर्व चेतावनी तंत्र को मजबूत करने, राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण, सामुदायिक सहभागिता, आपदा जोखिम न्यूनीकरण और आपदा-रोधी अवसंरचना के विकास जैसे क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालों को इस पुरस्कार के लिए आगे लाया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह पुरस्कार व्यक्तिगत एवं संस्थागत दो श्रेणियों में प्रदान किया जाता है। व्यक्तिगत श्रेणी में चयनित व्यक्ति को प्रशस्ति पत्र एवं पदक, जबकि संस्थागत श्रेणी में चयनित संस्था को प्रशस्ति पत्र एवं पट्टिका प्रदान की जाती है। नामांकन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से वर्षभर किए जा सकते हैं, जहां स्व-नामांकन एवं तृतीय पक्ष नामांकन दोनों की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिले में संचालित सफल पहलों, स्थानीय नवाचारों एवं सामुदायिक आधारित आपदा प्रबंधन मॉडल का दस्तावेजीकरण किया जाए, ताकि ऐसे प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिल सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि इस संबंध में अधिकाधिक जागरूकता फैलाने के लिए विभागीय वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों का प्रभावी उपयोग किया जाए, जिससे जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य कर रहे व्यक्तियों एवं संस्थाओं को राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने का अवसर मिल सके।





















