फतेहाबाद/आगरा। डौकी क्षेत्र के टीकतपुरा स्थित श्री महादेव इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव के अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक छोटेलाल वर्मा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा का विद्यालय प्रबंधक नरेश धाकरे एवं प्रधानाचार्य राजकुमार पुंडीर ने साफा बांधकर स्वागत किया।
पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा वह पूंजी है, जिसे कोई छीन नहीं सकता। लगन और मेहनत से पढ़ाई कर छात्र-छात्राएं अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बन सकते हैं और अपने माता-पिता, विद्यालय व शिक्षकों का नाम रोशन कर सकते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने मां सरस्वती पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि मेधावी विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम व नाट्य प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें खूब सराहा गया। शैक्षिक उपलब्धियों के आधार पर इंटरमीडिएट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली नेहा पुत्री राम अवतार (86.40 प्रतिशत) एवं हाईस्कूल में प्रथम रहे हर्षित धाकरे (90.40 प्रतिशत) को विद्यालय प्रबंधक की ओर से साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में विधायक छोटेलाल वर्मा, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, बबीता चौहान, नरेश धाकरे, प्रधानाचार्य राजकुमार पुंडीर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


