दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को लगभग 12:30 बजे बाजिदपुर चौराहे पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और फतेहाबाद रोड पर जाम लगा दिया।
इस दौरान महिलाओं ने हाथों में स्मार्ट मीटर लेकर विरोध जताया, जिससे आगरा फतेहाबाद मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अनावश्यक वृद्धि हो रही है, जिससे आम उपभोक्ता आर्थिक रूप से परेशान हैं। उनका कहना था कि विभाग तत्काल स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए।
जाम की सूचना मिलते ही थाना डौकी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। लगभग आधा घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से जाम खुलवाया गया और यातायात को सुचारू कराया गया।





















