फतेहाबाद/आगरा: थाना फतेहाबाद क्षेत्र के आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर बाजिदपुर के पास विगत शुक्रवार देर रात लगभग एक बजे दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सामने से आ रही टाटा कैंटर और इको गाड़ी की जोरदार भिड़ंत में खुर्जा जनपद बुलंदशहर निवासी दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भाई और साला गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान सुभाष पुत्र वीर सिंह उम्र लगभग 45 वर्ष निवासी ग्राम डांगर खुर्जा बुलंदशहर उनकी पत्नी रेखा उम्र लगभग 42 वर्ष के रूप में हुई है। हादसे में सुभाष का भाई सूरज और साला उवाश पुत्र टीकाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग गांव कांटर राजाखेड़ा अपने पिता वीर सिंह को लेने जा रहे थे। वीर सिंह अपनी बेटी कुंती देवी के घर आए थे और अचानक तबीयत बिगड़ने पर बेटे उन्हें लेने निकले थे, तभी यह हादसा घटित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंटर फतेहाबाद की ओर से और इको गाड़ी आगरा की ओर से आ रही थी। बाजिदपुर के पास दोनों वाहनों में इतनी जोरदार टक्कर हुई कि इको गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना पर फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं, गंभीर रूप से घायल सूरज और उवाश को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया।

इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताते चलें कि मृतक पल्लेदारी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।चार बच्चे हैं अजय, भोला, पम्मन और अंशुल है।

रिपोर्ट – संवाददाता फतेहाबाद

error: Content is protected !!
Exit mobile version