आगरा: आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पैसों के विवाद ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को खून से रंग दिया। नगला पोप, अर्जुन नगर में बुधवार देर रात 50 वर्षीय अनीता कुशवाह की उनके ही सगे भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घर के अंदर हुई वारदात

मिली जानकारी के अनुसार अनीता कुशवाह अपने पति संजय के साथ रहती थीं, जो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिजनों ने बताया कि आरोपी भाई रवि कुछ साल पहले जेल गया था। जेल जाने से पहले उसने अपनी रकम बहन के पास सुरक्षित रखी थी।

जमानत भी बहन ने कराई, फिर भी बना दुश्मन

करीब चार साल पहले जेल से छूटने के बाद रवि लगातार पैसों की मांग को लेकर बहन पर दबाव बना रहा था। परिवार का कहना है कि रवि की जमानत भी अनीता ने ही कराई थी। आर्थिक तंगी के चलते अनीता रकम लौटाने में असमर्थ थी, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा था।

विवाद बढ़ा, तमंचे से मारी गोली

बुधवार देर रात रवि फिर घर पहुंचा और पैसों को लेकर झगड़ा करने लगा। कहासुनी बढ़ने पर उसने तमंचा निकालकर अनीता पर गोली चला दी। गोली लगते ही अनीता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version