फतेहाबाद/आगरा: गांव रिहावली के पास स्थित जंगल में गुरुवार शाम लगभग 5 बजे अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग 100 बीघा से अधिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। जंगल से उठती तेज लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू कर दी। वहीं वन विभाग के कर्मचारियों ने भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में सहयोग किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी देर तक संघर्ष करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग करते हुए पेड़ों और झाड़ियों को बचाने का प्रयास किया। हालांकि आग से जंगल के बड़े हिस्से में पेड़-पौधों और वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है।
वन क्षेत्राधिकारी विशाल सिंह राठौर के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका है कि सूखी झाड़ियों और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली। फिलहाल आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

