फतेहाबाद/आगरा: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय पर विजयादशमी पर्व के अवसर पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। परंपरा के अनुसार शस्त्रों की विधिवत पूजा कर राष्ट्र सेवा और समाजहित के संकल्प को दोहराया गया।
श्रीभगवान कसेरे, सह विभाग सामाजिक समरसता प्रमुख ने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। शस्त्र पूजन केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि यह आत्मबल, अनुशासन और राष्ट्र रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। संघ का उद्देश्य समाज में संगठन, एकता और समरसता स्थापित कर राष्ट्र को सशक्त बनाना है। संघ स्वयंसेवकों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने यह भी बताया कि संघ की स्थापना से ही सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का कार्य किया जा रहा है। विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा संघ के लिए आत्मानुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल करने का अवसर होती है।
कार्यक्रम में रमाकांत उपाध्याय नगर सह संघचालक, आनंद शर्मा नगर कार्यवाह, अशोक अनवारिया नगर संघचालक, संजय शर्मा, रायबहादुर, प्रदीप पलिया सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
- रिपोर्ट – संवाददाता फतेहाबाद