• एटा के युवक पर सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने का आरोप,
• लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
जिला नजर | संवाददाता
_________________
एटा। जनपद के थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव पुठिया निवासी एक युवक पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग कर प्रधानमंत्री का आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगा है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गांव पुठिया निवासी संजू पुत्र भगवान दास पर आरोप है कि उसने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर ऐसे वीडियो तैयार किए, जिनमें प्रधानमंत्री के साथ आपत्तिजनक दृश्य दिखाए गए हैं। आरोप है कि एक वीडियो में उनके चेहरे पर घूंसे मारते हुए और दूसरे में उन्हें उठाकर नदी में फेंकते हुए दर्शाया गया है।
जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, क्षेत्र के लोगों में रोष फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह एआई तकनीक का दुरुपयोग कर किसी भी सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाना गंभीर मामला है। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।























