फतेहाबाद/आगरा: जनपद में बाढ़ का असर कम होने लगा है, इसके बावजूद नदियों के तटीय क्षेत्रों में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। ब्लॉक बरौली अहीर के विभिन्न गांवों में यमुना नदी के कटान के कारण ग्रामीण आशंकित हैं।

गांवों की इस ज्वलंत समस्या का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के पुत्र अभिनव मौर्या एवं प्रतिनिधि यशपाल राणा ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ गांव बरौली गुर्जर के मजरा कुई कुमरगढ़ का जायजा लिया। नदी के किनारे के क्षेत्रों में जलभराव होने पर ट्रैक्टर पर बैठकर हालातों को देखा गया। इस दौरान जो हालात मिले, वह अब भी दिक्कत पैदा कर रहे हैं।

बाढ़ का पानी उतरने के बाद काफी अधिक स्थानों पर कटान हो गया है। कटान को रोकने हेतु मौके पर तटबंध बनाने एवं बोल्डर लगवाने का निर्णय लिया गया। राजस्व विभाग भी लगातार यहां की निगरानी करते हुए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजेगा। अभिनव मौर्या ने ग्रामीणों के बीच जाकर बाढ़ के बाद की स्थिति को जाना। ग्रामीणों ने आगामी स्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

अभिनव मौर्या ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक मदद प्रदान करने हेतु जिलाधिकारी एवं एसडीएम सदर से दूरभाष पर वार्ता हुई है। बाढ़ का पानी तो काफी हद तक कम होने लगा है, लेकिन हमारे सामने चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं। गांवों में संक्रामक रोग नहीं फैलें, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को सक्रिय रहते हुए निरंतर स्वास्थ्य शिविर लगाने हेतु अवगत कराया जा रहा है।

जिन किसानों की फसलों एवं मकानों आदि को नुकसान पहुंचा है, उन स्थानों का ड्रोन के माध्यम से समुचित सर्वे कराया जाएगा। प्रभावित किसानों को हर संभव मदद मिले, इसके लिए नियमित समीक्षा की जाएगी। इस मौके पर अवर अभियंता रविन्द्र कुमार, जयप्रकाश प्रधान, नत्थीलाल, राजनरायन शास्त्री, बलराम, रामअवतार, महेश कुमार आदि रहे।

  • रिपोर्ट – सुशील गुप्ता
Exit mobile version