दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के उस समय अफरातफरी मच गई, जब लखनऊ से गुरुग्राम जा रही मन्नत ट्रेवल्स की एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई।
घटना सुबह करीब 4 बजे किलोमीटर 15+600 पर हुई, जब बस के पिछले टायर में आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटों ने बस को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।बस में चालक समेत कुल 23 यात्री सवार थे।
अचानक उठी आग की लपटों के बीच चालक हरेन्द्र वीर सिंह निवासी नगला इमली तहसील खेरागढ़ ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए बस को तुरंत पीली पट्टी में खड़ा कर दिया।
चालक और अन्य लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान कुछ यात्री अपना सामान भी निकाल पाए, लेकिन कई लोगों का सामान बस में ही जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बस में मौजूद तीन फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
हालांकि तेज हवा के चलते आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया और काबू पाना मुश्किल हो गया।
इसी बीच चौकी इंचार्ज नदौता अनुज कुमार नागर पुलिस बल और फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे यात्रियों और यूपीडा प्रशासन ने राहत की सांस ली। सभी यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में ओवरटेकिंग लेन से सुचारू रूप से चालू करा दिया गया। बस के पूरी तरह ठंडा होने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया।





















