फतेहाबाद/आगरा: फतेहाबाद ब्लॉक के गांव जगराजपुर निवासी पवन यादव ने भारतीय वायुसेना में लेफ्टिनेंट कमांडर के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पवन यादव, अनिल यादव के पुत्र हैं और साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
कठिन परिश्रम, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के बल पर पवन यादव की यह सफलता आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उनकी उपलब्धि की सूचना मिलते ही गांव जगराजपुर सहित पूरे फतेहाबाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
लेफ्टिनेंट कमांडर बनने के बाद फतेहाबाद पहुंचने पर पवन यादव सबसे पहले अपने गांव स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्हें खुली गाड़ी में बैठाकर गांव में जुलूस के रूप में घुमाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहन उनके आगे-पीछे चल रहे थे। लोग ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए और तिरंगा लहराकर देशभक्ति का प्रदर्शन कर रहे थे।
पवन यादव ने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए सैल्यूट किया और इस स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने ग्रामीणों से कड़ी मेहनत करने और भारत माता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
गांव के विभिन्न स्थानों पर फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर सत्येंद्र यादव, उमेश यादव, हिमांशु यादव, रिटायर्ड सूबेदार कालीचरण यादव, गौरव यादव, जयकेश यादव, जीतू यादव, सनी यादव, हनी यादव, दुर्गेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
लेफ्टिनेंट कमांडर पवन यादव की यह उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि मजबूत इरादों और निरंतर मेहनत से गांव से निकलकर भी देश सेवा के सर्वोच्च मुकाम तक पहुंचा जा सकता है।





