फतेहाबाद/आगरा: सुल्तानपुर डौकी में शुक्रवार दोपहर पुरानी रंजिश ने एक बार फिर उबाल मार दिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। भिड़ंत में दोनों ओर से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर डौकी निवासी विनोद और उसके पड़ोसी जितेंद्र के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार दोपहर मामला फिर तूल पकड़ गया और दोनों ओर से लोग एकत्र होकर भिड़ गए। मारपीट में विनोद, उसकी पत्नी सोनू देवी, उसकी सास भगवती देवी निवासी गढ़ी वृंदावन बमरौली कटारा तथा दूसरे पक्ष से जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी भेजा गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





