फतेहपुर सीकरी/आगरा: बृहस्पतिवार की शाम ऐतिहासिक धरोहर बुलंद दरवाजे पर एक महिला पर्यटक हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार भरतपुर से स्मारक भ्रमण करने आई लक्ष्मी (36)वर्ष पत्नी चंदन सिंह दरवाजे की सीढ़ियों के पास सेल्फी ले रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरीं।
हादसे में महिला के मुंह व चेहरे पर चोटें आईं और खून बहने लगा। मौके पर मौजूद एस आई एस सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्मारक पर रोजाना बड़ी संख्या में सैलानी आते हैं, लेकिन सेल्फी लेते समय सावधानी न बरतने से ऐसे हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने पर्यटकों से स्मारकों पर फोटोग्राफी के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
- रिपोर्ट – दिलशाद समीर