इगलास/अलीगढ । उपजिलाधिकारी इगलास एवं प्रशिक्षु आईएएस आयुष जायसवाल के निर्देशन में नगर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान इगलास पुलिस एवं नगर पंचायत की टीम ने दुकानों के बाहर सड़क और सार्वजनिक स्थान पर रखी सामग्री को हटवाते हुए कई दुकानदारों के चालान किए तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
नगर पंचायत कर्मचारियों द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत की सीमा में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि नगर में दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कई स्थानों से अतिक्रमण हटने पर सड़कें खाली दिखाई दीं और यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ।
अतिक्रमण हटाने को लेकर पूर्व में उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार एवं थाना प्रभारी ईश्वर प्रसाद सिंह द्वारा नगर के दुकानदारों, संभ्रांत नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी। इसके बावजूद निर्देशों का पालन नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान के दौरान कार्रवाई की गई।
अभियान में नगर पंचायत इगलास के कर्मचारी सुनील कुमार के नेतृत्व में भवानी, पुष्पेंद्र सिंह, तरुण, सूरज कुमार, अल्ताफ एवं राजू सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सीएम सेल से विवेक जैन तथा इगलास पुलिस की ओर से एसआई अजीत कुमार, हेड कांस्टेबल जबर सिंह एवं कांस्टेबल कृष्ण मुरारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रशासन ने नगरवासियों एवं दुकानदारों से अपील की है कि सार्वजनिक मार्गों और नगर पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण न करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सके।





















