दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव ईधौन में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 22 वर्षीय विवाहिता कुमकुम उर्फ शिखा देवी के यमुना नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि मायके पक्ष ने मौके पर पहुंचकर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
बताया गया है कि कुमकुम की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व रवि कुमार के साथ हुई थी। रवि कुमार गुरुग्राम में हलवाई का काम करता है और घटना के समय घर पर नहीं था। परिवार के अनुसार, कुछ समय पहले विवाहिता के जुड़वा बच्चों की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह परेशान रहती थी।
घटना की सूचना मिलते ही फिरोजाबाद के छारी गांव से मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। सूचना पर थाना फतेहाबाद पुलिस भी पहुंच गई और स्थिति को शांत कराया।
पुलिस ने यमुना नदी में विवाहिता की तलाश शुरू करा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। विवाहिता का अभी तक पता नहीं चल सका है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।





















