दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र स्थित होटल टूरिस्ट कंपलेक्स गेट के समीप सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु आगरा भेजा।

थाना पुलिस एवं स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कोक सिंह पुत्र रामप्रसाद निवासी ग्राम मालोनी खुर्द थाना कौलारी जिला धौलपुर राजस्थान के रूप में हुई है।
सूचना पर सीकरी पहुंचे मृतक के भाई राकेश पुत्र रामप्रसाद ने थाना फतेहपुर सीकरी में लिखित सूचना देते हुए बताया है कि उनका भाई एक अगस्त को घर से निकला था। 3 अगस्त की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई का शव होटल गुलिस्तान गेट के समीप पड़ा हुआ है।
तहरीर में उन्होंने मृत्यु का कारण अज्ञात बताते हुए पुलिस से आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की ।
थाना सीकरी के एसएसआई विपिन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा तथा रिपोर्ट एवं अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृत्यु के कारणों को लेकर किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।





















