जिला नजर संवाददाता
हाथरस। जनपद में विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने तथा सीएम डैशबोर्ड पर विभागों की रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में खराब रैंकिंग वाले विभागों की प्रगति का गहन मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विभागीय योजनाओं, विकास कार्यक्रमों तथा शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े बिंदुओं की विभागवार समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा योजनाओं की प्रगति नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट की जाए।डीएम ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक सुझाव देते हुए रैंकिंग सुधारने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।





















