वृंदावन। बांके बिहारी पुलिस चौकी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में सम्बंधित चौकी पर तैनात एसआई सुबोध मलिक एक युवक को पकड़कर चौकी के अंदर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद चौकी परिसर के भीतर उसके साथ मारपीट की गई।पीड़ित की पहचान आशीष श्रीवास्तव के रूप में बताई जा रही है। उनका आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के उन्हें रोका गया, गाली-गलौज की गई और चौकी के अंदर अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा भी उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई।स्थानीय लोगों के अनुसार घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। आरोप यह भी है कि घटना के बाद पीड़ित से दबाव बनाकर एक आवेदन पर हस्ताक्षर कराए गए, जिसमें लिखा गया कि “कोई मारपीट नहीं हुई।”
मामले को लेकर व्यापारियों और नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि वीडियो सार्वजनिक हो चुका है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।बताया जा रहा है कि घटना के दौरान चौकी इंचार्ज भी मौके पर मौजूद थे। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से अब तक इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।स्थानीय नागरिकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
उठ रहे प्रमुख सवाल
क्या वायरल वीडियो के बाद विभागीय जांच शुरू होगी?
दबाव में लिखवाए गए बयान की सत्यता कैसे परखी जाएगी?
पुलिस जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे?






















