मथुरा। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा नारी सशक्तिकरण को समर्पित नारी शक्ति वंदन अभियान को लेकर जिला स्तर पर व्यापक कार्यक्रमों की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस क्रम में पुष्पांजलि स्थित भाजपा कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में 12 से 20 अप्रैल तक जिले में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में महिलाओं, छात्राओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 12 से 13 अप्रैल को पॉडकास्ट कार्यक्रमों के माध्यम से होगी, जिसमें प्रबुद्ध एवं प्रभावशाली महिलाएं अपने विचार रखेंगी। इसके साथ ही 12 से 18 अप्रैल तक लेख लेखन अभियान चलाया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित महिलाओं द्वारा लेख लिखवाकर उन्हें पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित कराया जाएगा।13 से 15 अप्रैल के बीच जिले के प्रमुख स्थानों पर नारी शक्ति दीवार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान महिलाएं मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता फैलाएंगी, साथ ही हस्ताक्षर अभियान एवं दीवार लेखन के माध्यम से अधिनियम के समर्थन में संदेश दिया जाएगा।
11 से 18 अप्रैल तक मिस्ड कॉल अभियान भी संचालित होगा, जिसमें अधिक से अधिक महिलाओं एवं छात्राओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 15 अप्रैल को नगर निगम स्तर पर बाइक रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त 15 एवं 19 अप्रैल की रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं कला प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी, जबकि 18 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर विशेष सांस्कृतिक आयोजन होगा।अभियान के अंतिम चरण में 19 और 20 अप्रैल को स्थानीय निकायनगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत एवं जिला पंचायत द्वारा अधिनियम के समर्थन में प्रस्ताव पारित किए जाएंगे तथा महिला सम्मेलन आयोजित कर अभियान को गति दी जाएगी। वहीं महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया 20 अप्रैल को मथुरा महानगर में भव्य नारी शक्ति मार्च निकाला जाएगा, जिसमें डिग्री कॉलेज, प्रोफेशनल कॉलेज एवं इंटर कॉलेज की छात्राएं भाग लेंगी और लगभग 1 किलोमीटर की रैली निकालकर समाज में जनजागरूकता का संदेश देंगी। वही मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया नारी शक्ति वंदन अधिनियम कार्यक्रम का संयोजक जिला महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी को बनाया गया है। इस अवसर पर महानगर महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी विनीत शर्मा उपाध्यक्ष रामकिशन पाठक लालित गौतम सुनीता उपाध्याय मंत्री कल्पना गर्ग नीलम पांडे पूजा चौधरी मनोज सौनोठ अंकुर गुर्जर पार्षद आदि मौजूद।























