जिला नजर संवाददाता
खैर/अलीगढ़। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खैर में शुक्रवार को 29वां वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय महाविद्यालय टप्पल के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. चंद्रवीर सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जगन्नाथ दुबे द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया।
रंगारंग कार्यक्रमों के उपरांत प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें वर्षभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों की सफलता में छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने वर्षभर छात्रों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
वहीं, प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. चंद्रवीर सिंह ने कहा कि महाविद्यालय के समस्त शिक्षक संस्थान के विकास में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. देवेंद्र पाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो. एम.पी. सिंह, डॉ. मोहित मलिक, डॉ. वीरेंद्र कुमार, ललिता देवी सहित शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।























