•नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम,
•खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित
अलीगढ़(संवाददाता) । जनपद के गांधी पार्क थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े मोबाइल शोरूम में लूट की वारदात सामने आने से हड़कंप मच गया। छर्रा अड्डा पुल के पास स्थित एक मोबाइल शोरूम में दो नकाबपोश बदमाश घुस आए और कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर करीब 2 लाख 24 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बदमाश अचानक शोरूम में दाखिल हुए और कर्मचारियों को धमकाते हुए कैश काउंटर से नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी द्वितीय कमलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है, जो अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही हैं। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।























