•15 हजार का इनामी बदमाश भी दबोचा,
•दो लाख की फिरौती मांगने का आरोप
•एक आरोपी फरार, थार गाड़ी व तमंचा बरामद
झांसी (संवाददाता )। जनपद के नवाबाद थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 की तड़के करीब 1:55 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पैरामेडिकल रोड से कृष्णा रेजिडेंसी की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को पकड़ लिया गया और अपहृत युवक राज पाठक (20) पुत्र मनोज पाठक निवासी बनिया पुल के सामने, चौकी विश्वविद्यालय क्षेत्र को सकुशल मुक्त करा लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण यादव (25) निवासी बाबरी थाना चिरगांव, हर्ष यादव (20) निवासी बिरगुआ थाना बड़ागांव तथा दो बाल अपचारी शामिल हैं। वहीं घटना में शामिल रजत यादव निवासी सिमथरा थाना भांडेर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने युवक को छोड़ने के बदले परिजनों से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त बिना नंबर की थार गाड़ी, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।























