• गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
खैरागढ़/आगरा। पुलिस कमिश्नर आगरा के निर्देशानुसार थाना प्रभारी खैरागढ़ मदन सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न गाँवों में घूमकर होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण मनाने की अपील की।
इसी क्रम में थाना प्रभारी खैरागढ़ ने ग्राम पंचायत सालेहनगर के गाँव बरवर में लोगों से होली जलाने के स्थान और समय के बारे में पता किया तत्पश्चात लोगों की समस्याएँ सुनीं। थाना प्रभारी ने लोगों से शराब पीकर वाहन चलाने, किसी से जबरदस्ती करने, कपड़े फाड़ने जैसी हरकतों के लिए स्पष्ट मना किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि होली त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अलर्ट मोड पर रहेंगे। किसी भी प्रकार की असुविधा, आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें — सहायता हेतु खैरागढ़ पुलिस सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।
होली पर्व के दौरान महिलाओं/बालिकाओं/बुजुर्ग व्यक्तियों से अभद्रता न हो। सभी डी.जे. बजाने वालों से त्यौहार पर मानक अनुरुप ही डी.जे. बजाने के लिए समझाया और बताया कि किसी भी दशा में अश्लील अथवा आपत्तिजनक गाने न बजायें हर व्यक्ति की छोटी से छोटी सूचना को गम्भीरता से लिया जाएगा। इसके बाद ग्राम वासियों ने थाना प्रभारी खैरागढ़ एवं उनके स्टाफ को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। थाना प्रभारी ने भी सभी ग्रामवासियों को होली की शुभकामनाएँ दीं ।
इस अवसर पर थाना प्रभारी मदन सिंह, दूधाधारी चौकी इंचार्ज नीरज कुमार, एस आई प्रशांत चौधरी वर्तमान प्रधान कैलाश चंद्र, बीडीसी सोनू सिंह, दलेल सिंह, साहब सिंह आदि सभी ग्रामवासी उपस्थित रहे।























