मथुरा, 22 मई 2025

जनपद मथुरा में ईद-उल-जुहा (बकरीद) के मद्देनजर त्योहार की तैयारियों को लेकर आज जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में त्योहार के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। खंभों पर प्लास्टिक कवर लगाने और ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग कराने के आदेश दिए गए। नगर निगम को सभी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी।

जल विभाग को निर्देशित किया गया कि एक दिन पूर्व से ही नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें और प्रमुख स्थानों पर टैंकरों की व्यवस्था रहे। लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढा मुक्त बनाने के आदेश दिए गए।

जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पंचायत, नगर पालिका और ग्राम पंचायतों को मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई, सैनिटाइजेशन और दवा छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नालियों की सफाई और जलभराव की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। आवारा पशुओं को पर्व से पहले ही पकड़ने और आवश्यकता अनुसार बैरिकेडिंग करने को भी कहा गया।

यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को रूट प्लान तैयार करने और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिस की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि चिकित्सालयों में पर्याप्त जीवन रक्षक औषधियां, डॉक्टरों की टीमें और एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहे। एम्बुलेंस को प्रमुख स्थानों पर पहले से ही खड़ा रखा जाए।

शाही ईदगाह मस्जिद में विशेष सुरक्षा इंतजाम
शाही ईदगाह मस्जिद पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे और पुलिस बल तैनात रहेगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला फोर्स की व्यवस्था होगी।

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी
जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, सिंचाई, परिवहन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर जनपद में त्योहार को शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई है।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version