अलीगढ़: वर्दी पहनकर आम लोगों की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे हरदुआगंज की तालानगरी चौकी प्रभारी दरोगा किसी दबंग से कम नहीं। दरोगा की दहशत का आलम ये है कि तालानगरी चौराहे के प्रमोद तिवारी चाय वाले ने 23 अप्रैल को अपना खोखा व सामान समेट लिया।

जब उससे पूछा गया तो कहा कि दरोगा ने दुकान न खुलने देने की चेतावनी दी थी। इसलिए दुकान हटा रहा है। कुछ लोगों ने समझाने की कोशिश की तो जवाब दिया कि आप लोग कब तक साथ दोगे। वह पुलिस से पंगा लेकर कब तक सुरक्षित रहेगा। यह कहकर दुकान समेट कर चला गया। तिवारी ने कहा कि खोखा गांव में रख दूंगा। परिवार पालने के लिए अब कोई नया रोजगार या मजदूरी करूंगा।

तालानगरी के यूपीसीडा चौराहा पर मधुर एन्कलेव निवासी प्रमोद तिवारी खोखा लगाकर चाय, बीड़ी, गुटखा, सिगरेट आदि बेचता था। 16 अप्रैल की शाम दुकान के पास कुछ युवकों में झगड़ा हुआ था। एक फायर होने की आवाज भी सुनी गई। इसी बीच वहां दरोगा व उनके साथ कुछ सिपाही आए। उन्होंने आते ही पूछा कि तुमने फायर की आवाज सुनी थी। इस पर प्रमोद ने हां में जवाब दे दिया। आरोप है कि बस इसी बात पर दरोगा ने यह कहते हुए उसे थप्पड़ों से पीटा कि तेरे कान बहुत सुनते हैं। साथ में दुकान बंद कराकर चले गए। इससे युवक के कान में गंभीर चोट आई। दरोगा ने उसे दुकान भी नहीं खोलने दी। इसके बाद सोमवार को एसएसपी कार्यालय में शिकायत भी दी गई।

तालानगरी चौकी प्रभारी दरोगा के संबंध में जो भी आरोप हैं उन सभी की जांच कराई जाएगी। चाय विक्रेता की शिकायत पर सीओ स्तर से जांच की जा रही है। आरोपों की जांच व सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसी निर्दोष का बेवजह उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। – अमृत जैन, एसपी देहात

दरोगा की कुछ पुरानी कारगुजारियां ये भी
  • 21 अगस्त 2024 को गांव भीमगढ़ी के एक घर में शराब की अवैध बिक्री का वीडियो बनाकर एक युवक ने पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचकर उल्टा उस युवक को ही धमकाते हैं। महिला को उसके विरुद्ध ब्लैकमेलिंग की तहरीर देने को उकसाते हैं। दोनों वीडियो वायरल भी हुआ।
  • 1 जनवरी 2025 को सपेरा भानपुर में डॉ. आंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने पर दो पक्ष में पथराव हुआ। ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी और उन्हीं को बलवे में नामजद कर लिया। 3 जनवरी को प्रधान व प्रधान पुत्र दोनों ने चौकी प्रभारी से अपनी नामजदगी का कारण पूछा तो दरोगा बोला तुम्हारा लड़का मेरी रिकॉर्डिंग करता है, इसलिए नामजद किया है। यह बातचीत भी प्रधान पुत्र ने रिकॉर्ड की। जिसमें मिट्टी (अवैध खनन) व पैसे वाली बातें भी सामने आईं।
  • 17 दिसंबर 2024 को एक अपराधी की रिहाई पर टाइगर ग्रुप की शक्ति प्रदर्शन रैली जेल से हरदुआगंज तक पूरे चौकी क्षेत्र, बल्कि चौकी के सामने से लौटकर देर रात कोंडरा में समाप्त हुई थी। ये एक गोली कांड में जेल गया था। इस मुकदमे में मदद के नाम पर दरोगा पर सवाल उठे।
  • 5 अप्रैल को जारौठी के रामवीर की आत्महत्या में भी आत्महत्या से पहले वह मदद के लिए तालानगरी चौकी पहुंचा था, लेकिन दरोगा के सामने ही उसे दूसरे पक्ष ने धमकी दी थी। इसके कुछ दिन बाद ही उसने निराश होकर विषाक्त पदार्थ खा लिया।

"गांव से शहर तक, गलियों से सड़क तक- आपके इलाके की हर धड़कन को सुनता है "जिला नजर" न्यूज़ नेटवर्क: नजरिया सच का

error: Content is protected !!
Exit mobile version