इगलास/ अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ के इगलास कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ताऊ नगला गांव में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। घर के बाहर खेल रही एक मासूम बच्ची की खुले गड्ढे में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। काफी देर तक जब वह नजर नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्ची घर के पास स्थित गड्ढे में पड़ी मिली। परिजन घबराहट में बच्ची को गड्ढे से बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इगलास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही इगलास कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में खुले पड़े गड्ढे पहले भी हादसों को दावत देते रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

डॉ. ज्योति शर्मा अधीक्षक, लक्ष्मण देवदत्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इगलास ने बताया – “बच्ची को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान उसकी मृत्यु की पुष्टि हो चुकी थी।”

error: Content is protected !!
Exit mobile version